Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 24 अप्रैल आकाशवाणी दरभंगा में शुक्रवार को कार्यक्रम अधिशासी विनीत कुमार ठाकुर के स्थानांतरण पर एक भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। उनका स्थानांतरण आकाशवाणी राउरकेला में किए जाने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र के उद्घोषक, कम्पेयर, प्रसारण सहायक सहित सभी कर्मचारियों ने भाग लिया और उनके प्रति अपने सम्मान व स्नेह को व्यक्त किया।

समारोह का संचालन राकेश चन्द्र नन्दन ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रमुख असअद दाउद ने विनीत कुमार ठाकुर के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया। उनके नेतृत्व में कई कार्यक्रमों ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया।

वहीं अभियंत्रण प्रमुख अंजारुल हक ने उनके तकनीकी ज्ञान और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल कार्यक्रमों की गुणवत्ता को बेहतर बनाया, बल्कि तकनीकी दृष्टि से भी केंद्र को सशक्त किया।

उपस्थित उद्घोषकों और कम्पेयरों ने एक स्वर में विनीत कुमार ठाकुर के सहयोगात्मक व्यवहार, मृदुल स्वभाव और कार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। सभी ने उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए भावुक होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समारोह के अंत में विनीत कुमार ठाकुर ने अपने 11 वर्षों के कार्यकाल को स्मरण करते हुए भावुक स्वर में सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी दरभंगा उनके जीवन का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है और वे यहां के अनुभवों को हमेशा संजोकर रखेंगे। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की कि आकाशवाणी दरभंगा भविष्य में भी इसी प्रकार नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।