Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, जिले के बेला इलाके में इंसानियत की एक प्रेरक मिसाल सामने आई है। बेला दुर्गा मंदिर के समीप दिल्ली मोड़ को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर पिछले करीब 15 दिनों से एक घायल और बीमार गाय असहाय अवस्था में पड़ी हुई थी। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोग उसे देखते तो थे, लेकिन किसी ने भी उसकी सुध नहीं ली।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गाय लंबे समय से गंभीर दर्द में तड़प रही थी और चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ हो गई थी। लगातार सड़क किनारे पड़े रहने से उसकी हालत और अधिक बिगड़ती जा रही थी।

इसी बीच वार्ड संख्या-3 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भोलू यादव ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए पहल की। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से गाय को सुरक्षित स्थान पर उठवाकर अपने आवास पर पहुंचाया।

इसके बाद उन्होंने तुरंत पशु चिकित्सक को बुलाकर गाय का उपचार शुरू करवाया। फिलहाल गाय की देखरेख उनके ही आवास पर की जा रही है और उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार बताया जा रहा है।

इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। स्थानीय लोगों ने भोलू यादव के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जहां लोग घायल पशुओं को नजरअंदाज कर आगे बढ़ जाते हैं, वहीं यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है।

वहीं दूसरी ओर, कुछ स्थानीय लोगों ने सवाल भी उठाए हैं कि मुख्य सड़क पर 15 दिनों तक घायल अवस्था में पड़ी गाय की ओर किसी भी संबंधित विभाग या संस्था का ध्यान क्यों नहीं गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उपचार मिल जाता तो गाय को इतनी पीड़ा नहीं सहनी पड़ती।

राजू सिंह की रिपोर्ट