#MNN24X7 दरभंगा। केवटी थाना क्षेत्र अंतर्गत हवाईअड्डा गेट नंबर 2 के पास स्थित भेडियारा मोहल्ले में रविवार देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए रंगदारी के विवाद में चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखे तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित छोटू यादव ने बताया कि कुछ समय पहले उनका कुछ लोगों से मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपियों ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए रंगदारी की मांग की और जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें लगातार धमकाया जा रहा था।
वहीं, पीड़ित के भाई सरवन कुमार यादव ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे जब पूरा परिवार और गांव के लोग सो रहे थे, तभी 7 से 8 की संख्या में आए हथियारबंद बदमाशों ने अचानक घर पर हमला बोल दिया और फायरिंग शुरू कर दी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है और पीड़ित परिवार व चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।
