Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 28 अप्रैल 2026 | रिपोर्ट: नीरज कुमार राय मिथिला ग्रीनफील्ड सैटलाइट टाउनशिप को लेकर जिले में जमीन खरीद-बिक्री पर लगाई गई कथित रोक के संबंध में फैले भ्रम को जिला प्रशासन ने सिरे से खारिज कर दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे जिले में जमीन की खरीद-बिक्री पर किसी प्रकार की पूर्ण पाबंदी नहीं लगाई गई है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं अवर निबंधक (रजिस्ट्रार) स्वीटी सुमन ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि केवल सरकार द्वारा चिन्हित क्षेत्रों में ही जमीन के लेन-देन पर अस्थायी रोक लागू होगी। शेष क्षेत्रों में सामान्य रूप से खरीद-बिक्री जारी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार प्रस्तावित मिथिला ग्रीनफील्ड सैटलाइट टाउनशिप परियोजना के तहत बहादुरपुर, दरभंगा सदर एवं केवटी प्रखंड के कुल 102 गांवों को चिन्हित किया गया है। इसी सीमित क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक प्रभावी रहेगी।

परियोजना के अंतर्गत लगभग 12,000 से 17,000 एकड़ भूमि पर टाउनशिप विकसित करने की योजना है। इसके पहले चरण में करीब 1600 एकड़ क्षेत्र को कोर एरिया के रूप में विकसित किया जाएगा, जो प्रस्तावित आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे के निकट स्थित होगा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आधारभूत संरचना में व्यापक सुधार की संभावना जताई गई है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर के अन्य हिस्सों में जमीन की खरीद-बिक्री पूर्ववत जारी रहेगी और लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।