Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, नीरज कुमार राय। बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खरजपुर बरहेता पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार द्वारा शुरू किया गया सहयोग शिविर आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

सांसद ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि सहयोग शिविर के माध्यम से जनहित से जुड़े करीब 19 विभागों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, जिससे लाभार्थी अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

सांसद डॉ. ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचना जरूरी है, जिससे लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग शिविर में आवेदन कर सकें।

शिविर में नल-जल योजना से संबंधित शिकायतों को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा जमीन विवाद एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामलों में भी लोगों ने आवेदन जमा किए।

कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, बीडीओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।