Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा: बुधवार को दरभंगा के ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ नागेंद्र झा स्टेडियम में 19वीं प्रमंडलीय मीडिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। मीडिया कप का उद्घाटन मैच राष्ट्रीय सहारा और दैनिक भास्कर के बीच खेला गया जिसमें दैनिक भास्कर की टीम ने राष्ट्रीय सहारा को 20 रनों से पराजित कर दिया। दैनिक भास्कर ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 16वें ओवर में 110 रनों पर ऑल आउट हो गयी। भास्कर की ओर से राजेश ने सर्वाधिक 37 रन जबकि राघव ने 27 रन बनाए। राष्ट्रीय सहारा की ओर से ऋषि, नीतीश और सोनू ने 3-3 विकेट लिए।

जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी राष्ट्रीय सहारा की टीम 16वें ओवर 90 रन पर ऑल आउट हो गयी। सहारा की ओर से सोनू ने सर्वाधिक 31 तथा नटवर ने 21 रनों का योगदान दिया। दैनिक भास्कर की ओर से अमरजीत ने 6 विकेट जबकि विक्की, राघव, हरिमोहन तथा राजेश ने एक – एक विकेट लिया। इस प्रकार दैनिक भास्कर की टीम 20 रनों से विजयी हुई। मैच में निर्णायक की भूमिका सुजीत ठाकुर तथा उत्सव ने निभाई। वहीं स्कोरर के रूप प्रत्यूष कुमार मौजूद रहे।

16 अप्रैल को मीडिया कप का दूसरा मैच इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं इनसाइट मिथिला के बीच खेला जाएगा। मैच से पूर्व उद्घाटन के दौरान उपस्थित अतिथिगणों ने खिलाड़ियों का हौसला वर्धन किया तथा लगातार 19वे वर्ष इस आयोजन केलिए मीडिया स्पोर्ट्स क्लब की प्रशंसा की। मीडिया स्पोर्ट्स क्लब द्वारा सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

डब्लूआईटी के निदेशक प्रो0 अजयनाथ झा ने इस मैदान में अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वे इस मैदान में 1976 से खेलते आ रहे हैं। अब इस आयोजन में अतिथि के रूप में मौजूदगी सुखद एहसास है।

खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने आयोजकों को बधाई देते हुए विश्विद्यालय तथा उनके विभाग की ओर से हर प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया।

उप खेल पदाधिकारी प्रियंका राय ने अपने संबोधन में कहा कि मीडियाकर्मियों को कलम और कैमरे के साथ हमेशा देखती हैं। पर आज बल्ले और गेंद के साथ भी देखकर अलग अनुभूति हो रही है।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद ने दरभंगा जिला के मीडियाकर्मियों के साथ अपने अनुभव को साझा किया तथा उनके सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की भी प्रशंसा की।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि वे अन्य जिलों में भी काम कर चुके हैं। पर इतने उत्साह के साथ मीडिया कप का आयोजन केवल दरभंगा में ही देखने को मिला है।

उद्घाटन सत्र के दौरान मंच संचालन नवीन सिन्हा ने किया। वहीं मीडिया स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारियों में आयोजन समिति के अध्यक्ष गुंजन कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक कुमार, महासचिव गिरीश कुमार, कार्यकारी महासचिव संजय कुमार तथा कोषाध्यक्ष कौशल किशोर कर्ण सहित अन्य सदस्य गण भी उपस्थित थे।