Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 16 अप्रैल डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित मीडिया कप टूर्नामेंट के दूसरे लीग मुकाबले में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इनसाइट मिथिला को 51 रनों से हराकर जीत दर्ज की। टॉस जीतकर इनसाइट मिथिला ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाए। टीम की ओर से कादिर ने सर्वाधिक 32 रनों की पारी खेली, जबकि तुफैल ने 29 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इनसाइट मिथिला की ओर से राहुल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी इनसाइट मिथिला की टीम इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 18वें ओवर में महज 64 रनों पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से आशुतोष ने सर्वाधिक 13 रन बनाए। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की तरफ से प्रशांत ने 3 विकेट लिए, जबकि फरहान और तुफैल ने 2-2 विकेट हासिल किए। अरुण शर्मा को भी एक सफलता मिली।

मैच में निर्णायक की भूमिका सुजीत ठाकुर और उत्सव ने निभाई, वहीं स्कोरर के रूप में प्रत्यूष कुमार उपस्थित रहे।

मीडिया कप में 17 अप्रैल (शुक्रवार) को दो लीग मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच प्रभात खबर और डिजिटल मीडिया के बीच, जबकि दूसरा मुकाबला आकाशवाणी और वेब मीडिया की टीमों के बीच खेला जाएगा।