#MNN@24X7 मथुरा।एक तरफ जहां श्रद्धा हत्याकांड को लेकर पूरे देश में उबाल है तो वहीं दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर सूटकेस में युवती की शव मिलने से हड़कंप मच गया।युवती की गोली मारकर बेरहमी से हत्या की गई है।पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 12 बजे राया थाना क्षेत्र में कृषि अनुसंधान केंद्र के पास यमुना एक्सप्रेसवे के पास एक लाल रंग का सूटकेस लावारिस पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना राया पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राया पुलिस मौके पर पहुंची और सूटकेश खोला तो पुलिस के होश उड़ गए।सूटकेश के अंदर एक युवती का शव था।शव को पॉलिथीन में लपेट कर सूटकेस में रखा गया था। युवती के चेहरे पर खून लगा हुआ था। युवती के सीने पर गोली का निशान भी मिला है। पुलिस की मानें तो युवती की हत्या गोली मारकर की गई है। इतना ही नहीं, उसके शरीर पर कई जगह चोटों के निशान भी मिले हैं।फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौका-ए-वारदात से सभी साक्ष्यों को अपने कब्जे में लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक युवती की उम्र 22 से 25 वर्ष के आसपास है। युवती का कद पांच फीट दो इंच है। रंग गोरा और लंबे काले बाल हैं। युवती स्लेटी कलर की टी शर्ट पहनी हुई है।टी शर्ट पर लेजी डेज लिखा है।नीला और सफेद फूलपत्तीदार प्लाजो पहने हुए हैं। बाएं हाथ पर कलावा और काला धागा बंधा है। लाल सफेद और बैगनी रंग की साड़ी भी सूटकेस में मिली है। आशंका है कि युवती की हत्या के बाद यहां लाकर फेंका गया है।

आपको बता दें कि मथुरा में एक साल पहले सुरीर, नौहझील और बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मां और दो बेटों की हत्या कर शव फेंके गए थे।इसका खुलासा पुलिस कर चुकी है।तीनों की हत्या गला घोंटकर की गई थी। तीनों की हत्या महिला के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। इसके बाद शवों को यमुना एक्सप्रेसवे किनारे फेंक दिया था। पुलिस ने एक साल बाद तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा था।

(सौ स्वराज सवेरा)