Breaking News

#MNN@24X7 दरभंगा: दरभंगा सदर प्रखंड अंतर्गत खुटवारा महादलित बहुल क्षेत्र मुसहरी टोल में जलजमाव एवं गंदगी की समस्या महामारी को आमंत्रण दे रहा है। हल्की बारिश में भी रास्ते ही नहीं, कई घरों में भी पानी जम जाता है। इसकारण जलजमाव एवं गंदगी से होने वाली बीमारियों के साथ साथ लोगों में सांप कीड़ों का डर भी बना रहता है।

दरअसल, प्रदेश महासचिव प्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में लोजपा (रामविलास) द्वारा चलाये जा रहे प्रजा संवाद कार्यक्रम का कारवां गुरुवार को सदर प्रखंड के खुटवारा पहुंचा, जहां मुसहरी टोल अवस्थित सामुदायिक भवन में प्रजा संवाद कार्यक्रम का आयोजन श्रीमोहन शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महादलित महिलाएं मौजूद थी। लोगों की समस्याओं को सुनकर प्रजा संवाद की टीम ने बस्ती में जाकर भी वस्तुस्थिति की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान लोगों ने बताया कि मुसहरी टोल के अधिकांश महादलितों को मकान नहीं मिला है। कुछ लोगों का मकान बहुत पुराना है जो बारिश में रिसता है तथा गिरता भी है। इसके कभी भी धराशायी होने का डर भी बना रहता है। गांव ने अवस्थित आंगनबाड़ी केंद्र में न ही बच्चों को मानक के अनुरूप भोजन मिलता है और न ही पढ़ाई होती है। साथ ही यदि कोई बीमार हो जाये तो इलाज की भी समुचित व्यवस्था उपलब्ध नहीं होती।

कार्यक्रम के सम्बंध में लोजपा (रामविलास) के प्रदेश महासचिव प्रदीप ठाकुर ने बताया कि प्रजा संवाद कार्यक्रम के तहत दरभंगा जिले के विभिन्न क्षेत्रों की अलग अलग समस्याएं सामने आ रही हैं। इसी क्रम में आज दरभंगा ग्रामीण विधानसभा के खुटवारा में मुसहरी टोल के लोगों से मिलकर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई। इस क्षेत्र में आज भी दलित महादलित बस्तियों की हालत नारकीय है। रास्ते की जगह ज्यादातर कीचड़ पानी ही नजर आता है। ऐसा लगता है जैसे यह क्षेत्र विकास से कोसों दूर है। जलजमाव एवं गंदगी के कारण माहमारी की आशंका से लोग आशंकित रहते हैं।

उन्होंने कहा कि लोगों ने जो समस्याएं बतायी हैं, उनके लिए सबंधित विभाग एवं अधिकारियों से संपर्क कर इसके शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही इतनी बड़ी समस्या से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को भी अवगत करवाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी अमरेश राठौड़, मुलायम सिंह यादव, फुदन साह, तेज नारायण यादव, राम मुखिया, रवि प्रकाश यादव, शंकर कुमार यादव, नीतीश मंडल आदि भी मौजूद थे।