Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर , संवाददाता। राष्ट्रीय जनता दल के जिला प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर ने बिहार मंत्रिमंडल के हालिया शपथ ग्रहण पर सवाल उठाते हुए इसे परिवारवाद का उदाहरण बताया है। बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि नए मंत्रिमंडल में लगभग एक दर्जन मंत्री राजनीतिक परिवारों से जुड़े हुए हैं, जिससे परिवारवाद की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि बिना किसी सदन का सदस्य बने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा के पुत्र दीपक प्रकाश को मंत्री पद की शपथ दिलाया जाना परिवारवाद का प्रमुख उदाहरण है।

राजद प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मंत्रिमंडल में पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के पुत्र सम्राट चौधरी, पूर्व विधायक स्वर्गीय जगदीश चौधरी के पुत्र विजय चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के पुत्र संतोष सुमन, पूर्व मंत्री महावीर चौधरी के पुत्र अशोक चौधरी, पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी रमा निषाद, पूर्व राज्यपाल धनिकलाल मंडल की पुत्रवधू शीला मंडल, पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा, पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पुत्री श्रेयसी सिंह तथा पूर्व विधायक धर्मपाल सिंह के भाई संजय टाइगर को शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का नया मंत्रिमंडल परिवारवाद का “बेहतरीन नमूना” बन गया है। साथ ही भाजपा और जनता दल (यू) के प्रवक्ताओं की चुप्पी को आश्चर्यजनक और निराशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि इतिहास इस मामले में उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।