#MNN24X7 दरभंगा, संवाददाता: दरभंगा जिले में चैती नवरात्रा का पर्व इस वर्ष बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले नौ दिनों से मां दुर्गा की आराधना, पूजा-पाठ और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन होता रहा, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी देखने को मिली।

नवरात्र के दौरान कई पूजा पंडालों द्वारा भव्य कलश सेवा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे वातावरण में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
नवमी के दिन विशेष संयोग रहा कि इसी दिन रामनवमी का पर्व भी पड़ा, जिससे उत्सव की रौनक और बढ़ गई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ माता रानी की पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को भी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी प्रमुख पूजा पंडालों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सका।
पूरे आयोजन के दौरान दरभंगा शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया और लोगों ने मिल-जुलकर इस पावन पर्व का आनंद उठाया।
