Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, नीरज कुमार राय की रिपोर्ट नई दिल्ली से मधुबनी में आयोजित प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के क्रम में पूर्व सांसद आनंद मोहन गुरुवार को दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद श्री मोहन मोहन गोविंदा पैलेस पहुंचे, जहां उन्होंने अल्प विराम लिया। इस दौरान दरभंगा एवं मधुबनी के प्रमुख सहयोगियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद उन्होंने प्रेस को भी संबोधित किया।

प्रेस वार्ता में आनंद मोहन ने आगामी 23 अप्रैल को दरभंगा के कुंवर सिंह कॉलेज में आयोजित होने वाले “बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव” में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस समारोह को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को अभी से जुट जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड से भी कई दिग्गज नेता भाग लेंगे।

इस अवसर पर उन्होंने शहीद सूरज नारायण सिंह को याद करते हुए राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 5 जून को मुख्यमंत्री द्वारा एक सप्ताह के भीतर शहीद सूरज बाबू की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की गई थी, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी प्रतिमा स्थापना नहीं होना बेहद दुखद है।

वर्तमान राजनीतिक हालात पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यदि भाजपा ही विकल्प है तो सम्राट चौधरी बेहतर नेतृत्व दे सकते हैं। वहीं, उन्होंने विजेंद्र यादव को समाजवादी सोच और अनुभव का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्हें जिम्मेदारी देकर मुख्यमंत्री ने विचारधारा का सम्मान किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जदयू का कोर वोटर, खासकर सवर्ण समाज और राजपूत वर्ग, इस निर्णय से ठगा महसूस कर रहा है।

आनंद मोहन ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह इस फैसले से पहले भी असहमत थे, अब भी हैं और आगे भी रहेंगे, चाहे यह निर्णय एनडीए के शीर्ष नेतृत्व का हो या स्वयं मुख्यमंत्री का। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के निर्णयों से एनडीए, विशेषकर भाजपा को नुकसान हो रहा है और इसका सीधा फायदा विपक्ष को मिल रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि 17 अप्रैल 2026 को पटना के रविंद्र भवन में प्रस्तावित “चंद्रशेखर जन्म शताब्दी समारोह” को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। नई तिथि की घोषणा 22-23 अप्रैल तक की जाएगी।

इसके अलावा उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल को “फ्रेंड्स ऑफ आनंद” द्वारा शहीद सूरज बाबू की पुण्य तिथि को “विश्वासघात दिवस” के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें सरकार से प्रतिमा स्थापना में हो रही देरी को लेकर सवाल पूछे जाएंगे।

बैठक में प्रवक्ता श्याम कुमार सिंह, देवेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ मुन्ना चौधरी, प्रो. संजीव सिंह, प्रो. सुबोध सिंह, प्रो. सौरभ कुमार, सागर सिंह, सनी सिंह, नवीन खट्टीक, मिंटू सिंह, उज्ज्वल सिंह, सुधांशु सिंह, विमल सिंह, मनोज सिंह, नवीनचंद्र झा, अनिल कुमार सिंह सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।