#MNN24X7 समस्तीपुर: शहर के विवेक-विहार मुहल्ला में शुक्रवार शाम से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, डेंटल क्लिनिक स्थित ट्रांसफार्मर का दो फेज 17 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे से ही खराब हो गया, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया।
स्थानीय निवासी एवं भाकपा माले के डीसीएम सह मानवाधिकार कार्यकर्ता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के लिए विभाग के कंप्लेन नंबर पर कई बार संपर्क किया गया, लेकिन फोन लगातार व्यस्त रहा। इसके बाद संबंधित मिस्त्री को भी सूचना दी गई, बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं किया गया।
आरोप है कि जब शनिवार सुबह पुनः संपर्क किया गया तो संबंधित जेई ने शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया और इसे व्यक्तिगत समस्या बताते हुए टाल दिया। इस दौरान इलाके में करीब 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे पेयजल की भी गंभीर किल्लत उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा त्वरित त्रुटि सुधार के दावे के बावजूद इस तरह की लापरवाही चिंताजनक है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
