Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जनक नंदिनी महिला छात्रावास में छात्रावास अधीक्षिका डॉ. साधना शर्मा के मार्गदर्शन में भक्ति एवं आध्यात्मिकता से परिपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष 19 एवं 20 अप्रैल, दोनों ही तिथियों पर अक्षय तृतीया का विशेष संयोग बनने के कारण दोनों ही दिनों में सामूहिक आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से 6:00 बजे तक विष्णु सहस्रनाम का सामूहिक पाठ किया गया, जिसके पश्चात 6:00 बजे से नियमित रूप से चल रहा गीता पाठ भी जारी रखा गया। छात्राओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ भाग लेकर वातावरण को अत्यंत भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर नेहा, गुंजन, रजनी, साक्षी, पूजा, गीता, शारदा, सिन्नी सहित कुल 15 छात्राओं ने सामूहिक रूप से सहभागिता निभाई। साथ ही किरण एवं पूनम की भी इस आयोजन में निरंतर सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने कार्यक्रम के संचालन एवं व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

कार्यक्रम की जानकारी विश्वविद्यालय के पी आर ओ डा. निशिकान्त सिंह के द्वारा सूचना दी गयी।

विष्णु सहस्रनाम का उल्लेख महाभारत के अनुशासनिक पर्व में प्राप्त होता है, जहाँ भीष्म पितामह ने शरशय्या पर स्थित होकर धर्मराज युधिष्ठिर को भगवान विष्णु के सहस्र नामों का महत्त्व बताया। उन्होंने कहा कि इन नामों के स्मरण से मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त हो सकता है और उसके जीवन में भय तथा अशुभ का नाश होता है।

इस आयोजन के माध्यम से छात्रावास में आध्यात्मिक चेतना, अनुशासन एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का सफल प्रयास किया गया।