#MNN24X7 समस्तीपुर/पूसा, 28 अप्रैल डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय द्वारा उत्तर बिहार के जिलों के लिए आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान जारी किया गया है। जारी पूर्वानुमान के अनुसार क्षेत्र में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, जिससे किसानों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
विश्वविद्यालय के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वहीं 30 अप्रैल एवं 1 मई 2026 को मौसम में बदलाव के संकेत हैं। इन दिनों हल्की वर्षा (लगभग 6 मिमी) होने के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, तेज हवा (करीब 40 किमी प्रति घंटा) और आंधी आने के भी आसार जताए गए हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
इसके बाद 2 एवं 3 मई 2026 को मौसम पुनः सामान्य होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की गति 6 से 24 किमी प्रति घंटा के बीच बनी रह सकती है और आर्द्रता का स्तर सामान्य रहेगा।
विश्वविद्यालय ने किसानों को सलाह दी है कि गरज-चमक एवं तेज हवा को ध्यान में रखते हुए फसलों और पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतें, ताकि संभावित नुकसान से बचा जा सके।
