#MNN24X7 दरभंगा, प्रतिनिधि : भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य शनिवार को दरभंगा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर स्थित विभिन्न महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं और स्मारकों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने बाबा नागार्जुन एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। साथ ही भोगेंद्र झा, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह एवं अब्दुल हमीद के स्मारकों पर भी पुष्प अर्पित किए। इसके अतिरिक्त कर्पूरी ठाकुर, राम मनोहर लोहिया एवं महात्मा गांधी के स्मारकों पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए दीपांकर भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार की आर्थिक एवं विदेश नीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में व्याप्त आर्थिक संकट सरकार की नीतियों की विफलता का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिका और इजरायल के सामने देश की विदेश एवं व्यापार नीति को “गिरवी” रख दिया है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब एवं मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों का जीवन कठिन होता जा रहा है।
दीपांकर भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को अपनी नीतियों की विफलता स्वीकार करते हुए देशवासियों को जल्द राहत देनी चाहिए।
