Breaking News

ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया की बैठक में सामाजिक और शैक्षणिक मुद्दों पर हुई चर्चा

#MNN24X7 दरभंगा। ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कुशौथर गांव स्थित श्याम झा के आवासीय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रंजीत झा ‘गगन’ ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, सामाजिक एकजुटता तथा वर्तमान राजनीतिक एवं शैक्षणिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर झा ने कहा कि सवर्ण समाज को राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से कमजोर करने की गहरी साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी एक्ट 2018, यूजीसी बिल, 35 प्वाइंट रोस्टर तथा जातिगत आधार पर आरक्षण जैसी व्यवस्थाएं न केवल समाज बल्कि देश को भी कमजोर कर रही हैं।

प्रदेश महासचिव कैलाश कुमार चौधरी ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने हमेशा सभी वर्गों को धर्म, संस्कृति और परंपराओं के सूत्र में बांधकर रखा है। उन्होंने “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को ब्राह्मणवाद की मूल अवधारणा बताया।

जिला महासचिव सुबोध चौधरी ने कहा कि सवर्ण समाज का लगातार उपयोग तो किया जा रहा है, लेकिन उनकी उपेक्षा भी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सवर्ण समाज गंभीर चिंतन करते हुए एकजुटता का परिचय दे।

बैठक में सोहन चौधरी, कृष्ण मोहन चौधरी, मनोज झा, रोहित झा, अंशु झा, मनीष कुमार झा, इंद्रमोहन चौधरी, कन्हैया झा, अशोक झा, राम सगुण झा, शंकर मिश्र, अजय चौधरी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।