दरभंगा पुलिस की SIT कार्रवाई में हथियारों का जखीरा बरामद, मुजफ्फरपुर का कुख्यात अपराधी गिरफ्तार
#MNN24X7 दरभंगा, रिपोर्ट : नीरज कुमार राय दरभंगा में चर्चित चाय दुकानदार श्रवण राम हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष जांच दल (SIT) ने कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर बहादुरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक किराये के कमरे में छापेमारी कर भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 13 मई को विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के हसनचक के पास अपराधी अमित कुमार से छिनतई कर रहे थे। इसी दौरान स्थानीय चाय दुकानदार श्रवण राम विरोध करने पहुंचे, जिस पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा पुलिस ने SIT का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर अपराधियों की पहचान की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हीरा लाल उर्फ रोहित उर्फ पन्नू सिंह उर्फ चुन्नू सिंह उर्फ केशव कुमार, निवासी कटरा थाना क्षेत्र, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मुजफ्फरपुर का कुख्यात अपराधी है और दरभंगा सहित आसपास के कई जिलों में चेन स्नैचिंग, लूट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान घटना में प्रयुक्त काले-नीले रंग की 220 सीसी पल्सर मोटरसाइकिल, कई फर्जी नंबर प्लेट, 03 अवैध पिस्टल, 79 जिंदा कारतूस, 05 मैगजीन, 15 मोबाइल फोन, चेन स्नैचिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण तथा एक काला स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर एवं आसपास के जिलों में कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ जाले, मुसहरी, यूनिवर्सिटी (मुजफ्फरपुर) और कटरा थानों में हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
दरभंगा पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
