#MNN24X7 समस्तीपुर, संवाददाता। बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर निवासी युवा भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धियों और शानदार प्रदर्शन के लिए बिहार विधान सभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने उनके आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को पाग-चादर ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और संघर्ष के बल पर समस्तीपुर ही नहीं बल्कि पूरे बिहार का नाम देश और दुनिया में रोशन किया है। उन्होंने कहा कि वैभव की सफलता यह साबित करती है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और हौसले बुलंद हों तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वैभव आज बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं। उनकी उपलब्धियां उन लाखों युवाओं को यह संदेश देती हैं कि सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। उन्होंने कहा, “बिहार को वैभव पर गर्व है। यह उनकी सफलता की शुरुआत है और आने वाले दिनों में उनकी उपलब्धियां नई ऊंचाइयों को छुएंगी।”
इस अवसर पर वैभव सूर्यवंशी के परिजनों के अलावा जिला राजद प्रवक्ता राकेश कुमार ठाकुर, समाजसेवी डॉ. सफदर इमाम, समाजसेवी मो. अकील इकबाल, खेल प्रेमी मो. पप्पू खान, समाजसेवी सह उत्कर्ष बैंक के रीजनल मैनेजर रवि आनंद तथा एमरोन बैटरी के वितरक हरेन्द्र कुमार राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
