परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस प्रशासन से अविलंब खोजबीन तेज करने की अपील।
#MNN24X7 पूसा /समस्तीपुर, 11 नवंबर, पूसा प्रखंड अंतर्गत हरपुर महमदा पंचायत वार्ड संख्या – 9 निवासी 20 वर्षीय रत्नेश कुमार, पिता शत्रुघ्न राम, विगत 7 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे से लापता हैं। चार दिन बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार के लोग गहरे चिंतित और परेशान हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे अपने बेटे की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर भाकपा-माले युवा नेता सह पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने रत्नेश कुमार की माता एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली तथा इस कठिन परिस्थिति में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रत्नेश कुमार की उम्र लगभग 20 वर्ष, लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच है। लापता होने के समय उन्होंने लाल रंग की शर्ट और काले रंग की जींस पहन रखी थी।
इस संबंध में रौशन कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अविलंब खोजबीन तेज की जाए। आसपास के क्षेत्रों एवं संभावित स्थानों पर जांच-पड़ताल कर युवक की सकुशल बरामदगी के लिए हरसंभव आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि किसी को रत्नेश कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले अथवा वे कहीं दिखाई दें तो तत्काल स्थानीय पुलिस या उनके परिजनों को सूचित करें। साथ ही इस सूचना को सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से अधिक से अधिक साझा करने की अपील की।
आगे रौशन कुमार ने कहा कि एक युवा के अचानक लापता होने से पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। ऐसे समय में पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है कि संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करे। रत्नेश कुमार की सकुशल वापसी के लिए प्रशासन शीघ्र प्रभावी पहल करे।