◆राज्य के नियोजित शिक्षकों के समान काम के बदले समान वेतन सहित कई महत्वपूर्ण फैसलों के लिए किया जाएगा याद।

#MNN@24X7 पटना। उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अनिल कुमार उपाध्याय का निधन हो गया है। चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती न्यायाधीश उपाध्याय बीते कुछ दिनों से बीमार थे।

न्यायाधीश अनिल कुमार उपाध्याय का जन्म 4 दिसंबर, 1962 को हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय विद्याधर उपाध्याय पटना उच्च न्यायालय के सेक्शन ऑफिसर के रूप में कार्यरत थे और 31 अगस्त, 1982 को सेवानिवृत्त हुए थे। न्यायाधीश उपाध्याय ने एलएलबी,एलएलएम की पढ़ाई पटना विश्वविद्यालय से की थी। न्यायाधीश उपाध्याय ने शिक्षण कार्य भी किया है। उन्होंने 22 अगस्त, 1988 से 2010 तक कॉलेज ऑफ कॉमर्स में कानून के अंशकालिक व्याख्याता के रूप में काम किया।

इसके बाद उन्होंने 1989 से 1996 और 2004 से 2006 तक पटना लॉ कॉलेज में अंशकालिक व्याख्याता के रूप में काम किया। साथ ही चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में 2007 से मई 2017 तक विजिटिंग फैकल्टी के रूप में भी न्यायाधीश उपाध्याय ने काम किया था। 03 दिसम्बर, 2024 तक उनकी सेवा अभी शेष थी।