जानकी नवमी की तैयारी में जुटा विद्यापति सेवा संस्थान

#MNN24X7 धरती की पुत्री मां जानकी का प्राकट्य दिवस समारोह विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 29 अप्रैल को धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। संस्थान के प्रधान कार्यालय परिसर में प्रातः काल माता जानकी की प्रतिमा की शास्त्रीय विधि से पूजा-अर्चना होगी। जानकी पूजन एवं भव्य शोभायात्रा के साथ मैथिली दिवस समारोह की शुरुआत होगी।

आयोजन की चल रही तैयारी की समीक्षा के लिए सोमवार की शाम मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष पं कमलाकांत झा की अध्यक्षता में बैठक हुई।

मौके पर महासचिव डा बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने बताया कि संस्थान कई दशकों से जानकी नवमी का आयोजन करता आ रहा है। जबकि बीते एक दशक से अधिक समय से मूर्ति पूजा भी की जा रही है। जानकी नवमी का विस्तार-अभियान निरंतर प्रगति कर रहा है। आज राष्ट्रीय स्तर पर हजारों स्थान पर जानकी नवमी समारोहपूर्वक मनाने का क्रम शुरू हो चुका है। वहीं अमेरिका, जर्मनी, कैलिफोर्निया, रूस आदि देशों में भी मिथिलावासी जानकी नवमी का आयोजन कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जानकी दिवस की शुरुआत मां जानकी के प्रतिमा पूजन एवं श्यामा मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकालकर होगी। इसमें संयोजिका डा सुषमा झा एवं सखी बहिनपा समूह की मुख्य नेत्री आरती झा के नेतृत्व में सैकड़ों मातृ शक्ति भाग लेंगी और नारी सशक्तिकरण का शंखनाद करेंगी। उन्होंने बताया कि संस्थान के जानकी नवमी समारोह में सूबे के मंत्री संजय झा, पूर्व मंत्री जिवेश मिश्र व आलोक रंजन झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री डॉ. सीपी ठाकुर, सांसद डा गोपालजी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी के विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, विधान पार्षद डा मदन मोहन झा, पूर्व विधान पार्षद डा विनोद कुमार चौधरी व प्रो दिलीप कुमार चौधरी आदि शिरकत करेंगे। जबकि संस्थान के संरक्षक द्वय क्रमशः ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सुरेंद्र प्रताप सिंह और कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो शशिनाथ झा की इस अवसर पर गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

डा बैजू ने जानकी अभियान में जुटी सभी संस्थाओं को साधुवाद देते हुए मिथिला के हर घर में जानकी पूजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया ताकि इस मिथिला में नारी सशक्तिकरण का अभियान और ज्यादा विस्तार ले सके। मौके पर पं कमलाकांत झा ने कहा कि विद्यापति सेवा संस्थान के हर-घर जानकी पूजन महाभियान को मिथिलावासी एवं प्रवासी मैथिलों का भरपूर सहयोग व समर्थन मिल रहा है। इसके सुखद परिणाम के रूप में देश-विदेश में शिवधनुर्धारिणी जानकी नवमी समारोह की धूम के रूप में सामने है।

इस अवसर पर आयोजित होने वाले जानकी-सम्मेलन की संयोजिका डा सुषमा झा ने मां जानकी के प्राकट्य दिवस पर जानकी सम्मेलन के आयोजन को काफी उपयोगी बताया और सभी माता-बहनों को इसमें शामिल होने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाने की जानकारी दी। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाने वाला जानकी सम्मान इस वर्ष सखी बहिनपा समूह की संस्थापिका आरती झा को दिए जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। मैथिली दिवस समारोह के आयोजन की कमान सर्वसम्मति से संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा को सौंपी गई।

अपने संबोधन में उन्होंने संस्थान के क्रिया-कलापों को मिथिला-मैथिली के सर्वांगीण विकास का आधार बताते हुए जानकी दिवस समारोह को यादगार बनाने का संकल्प लिया। बैठक में विनोद कुमार झा, प्रो. चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाइ, दुर्गा नन्द झा, डा गणेश कांत झा, डा उदय कांत मिश्र, आशीष चौधरी, मनीष कुमार झा, चौधरी फूलकुमार राय, रामाज्ञा झा, पंकज कुमार ठाकुर आदि ने भी अपने विचार रखे। सभी ने एकस्वर में संस्थान के इस आयोजन से समग्र समाज को जोड़ने के प्रति संकल्प लिया।