#MNN@24X7 सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देवबंद में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है।चंद्रशेखर आजाद अपने कार्यकर्ताओं के साथ काफिले में शामिल होकर अपने घर जा रहे थे।इसी दौरान कार सवार हमलावरों ने चंद्रशेखर आजाद पर अचानक फायरिंग कर दी, जिसमें चंद्रशेखर आजाद को गोली छूकर निकल गई,जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चंद्रशेखर आजाद को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की गंभीरता देखते हुए डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए हैं।

एसएसपी विपिन ताड़ा का कहना है कि आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर आजाद और भीम आर्मी नेता के काफिले पर हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। फायरिंग के दौरान हमलावरों की गोली चंद्रशेखर को छूती हुई निकल गई। हालांकि चिकित्सकों के अनुसार वह खतरे से बाहर है।हमलावरों की तलाश में पुलिस जुट गई है। यह भी जानकारी मिल रही है कि हमलावर हरियाणा नंबर की कार से आए थे।

एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि चंद्रशेखर आजाद देवबंद की गांधी कॉलोनी में किसी के पास मिलने गए थे। वहां से निकलते समय दो युवकों ने उन पर फायरिंग की,जिसमें छर्रे लगने से वह जख्मी हो गए। हमलावर एक कार में सवार होकर फरार हो गए। उपचार के लिए उन्हें देवबंद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है। एसपी देहात का कहना है कि अभी हमले का कारण और हमलावरों की जानकारी नहीं हुई है।

अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम साढ़े पांच बजे गांधी कॉलोनी में किसी से मिलकर लौट रहे चंद्रशेखर आजाद की फॉर्च्यूनर कार पर स्विफ्ट डिजायर कार (एचआर 70D 0278) सवार दो लोगों ने फायरिंग कर दी। एक गोली चंद्रशेखर आजाद के कमर को छूकर निकल गई। खून निकलने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हमलावरों ने चंद्रशेखर पर 4 राउंड फायरिंग की थी।पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जुटाई जा रही है। कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

अस्पताल में भर्ती हुए चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि हमलावरों को हमारे साथियों ने पहचाना है। हमले वक्त उनकी गाड़ी अकेली थी, जिसमें वे और उनके भाई समेत पांच लोग सवार थे। उनके साथी कुछ दूरी पर थे। उन्होंने बताया कि हमलावर घटना के बाद सहारनपुर की तरफ भागे हैं। चंद्रशेखर ने बताया कि गोली चलने पर मुझे दर्द शुरू हुआ तो मैंने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को फोन कर सूचना दी थी।

उधर भीम आर्मी चीफ पर जानलेवा हमले की खबर सुनते ही उनके समर्थकों में खलबली मच गई। एक दूसरे से चंद्रशेखर का हाल जानने के लिए समर्थक फोन मिलाते रहे।वहीं चंद्रशेखर पर हमले की खबर सुनते ही उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

मेरठ के आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन गर्जर ने कहा कि चंद्रशेखर भाई पर हुआ हमला एक बड़ी साजिश है।इस तरह की घटना उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग करते हैं।हमारे नेता के साथ पूरे देश की जनता खड़ी है।हमें कमजोर समझने की गलती ना करें।