सामाजिक जुड़ाव का सशक्त माध्यम है भाषा : कुलपति

– संस्कृत की संवृद्धि के लिए आयोजित संकल्प यज्ञ में दर्जनों लोगों ने दी आहुतियां

#MNN@24X7 दरभंगा, संस्कृतभारती बिहार एवं कामेश्वरसिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में प्रस्तावित 12 दिवसीय आवासीय संस्कृत प्रशिक्षण वर्ग की सफलता एवं अभिवृद्धि की कामना के लिए मुख्यालय में रविवार को पूरे विधि विधान से संकल्प यज्ञ आयोजित किया गया।

यज्ञ की पूर्णाहुति उपरांत दरबार हाल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो.लक्ष्मीनिवास पाण्डेय ने कहा कि सामाजिक जुड़ाव में भाषा एक सशक्त माध्यम है। इससे समाज में सहज स्नेह पनपता है। इसी दृष्टिकोण से संस्कृत की संवृद्धि भी परम आवश्यक है। यह भाषा पुष्पित व पल्लवित हो, इसके लिए आवासीय प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही यह कार्यक्रम सफल हो और देव भाषा की अभिवृद्धि हो, इसके लिए संकल्प यज्ञ किया गया। जाहिर है, यज्ञ से वातावरण स्वच्छ व पवित्र होता है। कुलपति प्रो0 पांडेय ने कहा कि इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य ही है प्रशिक्षक तैयार करना जो यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज में जाकर लोगों को संस्कृत बोलना सिखाएंगे।

वहीं, विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य सह विधायक प्रो.विनय कुमार चौधरी ने कहा कि सामाजिक समरसता स्थापित करने में संस्कृत भाषा की महती भूमिका रही है। वर्षों बाद दरभंगा में इस तरह का आवासीय प्रशिक्षण में स्थानीय लोगों को बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने सभी से सहयोग प्रदान करने का भी आह्वान किया। सीनेट सदस्य सह पूर्व विधान पार्षद प्रो.दिलीप कुमार चौधरी ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखने में संस्कृत भाषा का महत्वपूर्ण योगदान है। आज का यह संकल्प यज्ञ अपने उद्देश्य को अवश्य ही पूरा करेगा।

उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ निशिकांत ने बताया कि संकल्प यज्ञ के आचार्य प्रो.राजेन्द्र झा ने शास्त्रीय विधि-विधान के साथ अनुष्ठान सम्पन्न कराते हुए इस विश्वविद्यालय की उत्तरोत्तर वृद्धि की कामना की ।

कार्यक्रम संयोजक डॉ.रामसेवक झा के अनुसार संकल्प यज्ञ के साथ ही धन संग्रह अभियान शुरू हो गया है। प्रथम दिन भी स्वेच्छा से आधे दर्जन से अधिक प्राध्यापकों ने आवासीय प्रशिक्षण वर्ग व्यवस्था में होने वाले खर्च के लिए अपनी सहयोग राशि प्रदान किये। मालूम हो कि 05 जून से 17 जून तक आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम संरक्षक डॉ.शिवलोचन झा एवं डॉ.दिनेश झा ने संस्कृत सेवा की दृष्टि से दान करने का निवेदन जन समूह से किया। संकल्प यज्ञ में सर्व व्यवस्था प्रमुख डॉ.उमेश झा, संस्कृत भारती के क्षेत्र मंत्री प्रो.श्रीप्रकाश पाण्डेय, संगठन मंत्री श्रवण कुमार, प्रांत मंत्री डॉ.रमेश कुमार झा, दरभंगा विभाग संयोजक डॉ.त्रिलोक झा, डॉ.सुधीर कुमार झा, कुलसचिव डॉ.दीनानाथ साह, कुलानुशासक प्रो.पुरेन्द्र वारिक, प्रो.रेणुका सिंहा,प्रो.दिलीप कुमार झा, डॉ.दयानाथ झा, डॉ.शम्भु शरण तिवारी, डॉ.कुणाल कुमार झा, डॉ.संजीत झा, डॉ.साधना शर्मा, डॉ.मैथिली कुमारी ,डॉ.अयोध्यानाथ झा , डॉ प्रमोद मिश्र, शिवकिशोर राय , डॉ.रविन्द्र झा सम्मिलित दर्जनों प्राध्यापक, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे ।