समस्तीपुर के 5 मृत रसोईया के आश्रित को मिला 4-4 लाख रूपये, संघर्ष की जीत- बंदना सिंह।

15 सदस्यीय प्रखण्ड कमिटी के सचिव प्रभात रंजन गुप्ता एवं अध्यक्ष गिरजा देवी।

#MNN@24X7 ताजपुर/समस्तीपुर, खाना बनाने के अलावे रसोईया से सरकार विद्यालय का साफ- सफाई, झारू- पोछा समेत अन्य कार्य कराती है। रसोईया के योगदान के कारण विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था भी सुदृढ़ हुआ है लेकिन आज भी महंगाई के इस दौड़ में रसोईया को प्रतिमाह मात्र 1650 रूपये देकर सरकार खुद न्यूनतम मजदूरी कानून का धज्जी उड़ा रही है। बार- बार सरकार को स्मारित कराने के बाबजूद भी रसोईया का मानदेय नहीं बढ़ाया गया। अततः मजबूर होकर बिहार के लाखों रसोईया 30 नवंबर से संपूर्ण बिहार में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेगी। ताजपुर में भी इस हड़ताल को हम सभी को मिलकर सफल बनाना है। उक्त बातें बिहार राज्य विद्यालय रसोईया संघ, ऐक्टू के राज्य सचिव परशुराम पाठक ने रविवार को बीआरसी पर ताजपुर नगर परिषद एवं प्रखण्ड सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा।

महिला संगठन ऐपवा के जिलाध्यक्ष बंदना सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि संघर्ष कभी भी बेकार नहीं जाता है। संघर्ष के जरिये हम सरकार एवं अधिकारियों को जगाकर अपनी बात उन तक पहुंचाते हैं। आज संघर्ष का ही परिणाम है कि जिले के 5 रसोईया क्रमशः स्व० उर्मिला देवी (वारिसनगर), स्व० रेखा देवी (शिवाजीनगर), स्व० अनीता देवी (उजियारपुर), स्व० अनिया देवी (खानपुर), स्व० सुमित्रा देवी (पूसा) के आश्रितों को सरकारी अनुग्रह अनुदान 4-4 लाख रूपये मिला है। अब मृत रसोईया के आश्रित को रसोईया के पद पर बहाल कराने का संघर्ष जारी है। ऐपवा नेत्री ने रसोईया के आंदोलन में हर संभव सहयोग देने की घोषणा की।

मौके पर 15 सदस्यीय नगर- प्रखण्ड कमिटी का चुनाव किया गया। प्रभात रंजन गुप्ता को सचिव एवं गिरजा देवी को अध्यक्ष, बसंती देवी को सह सचिव एवं सुनीता देवी को सह सचिव, शिव कुमारी देवी, अब्दूल हयात, सरस्वती देवी, ललिता देवी, मंजू देवी, कुलमंती देवी, रीना देवी, हुस्नेआरा, संजू देवी, सुनीता देवी, पुनम देवी को कमिटी सदस्य एवं भाकपा माले के प्रखण्ड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह को संरक्षक सर्वसम्मति से चुना गया।

नई कमिटी के सचिव प्रभात रंजन गुप्ता ने राज्यव्यापी हड़ताल के समर्थन में 30 नवंबर से प्रखण्ड संसाधन केंद्र ताजपुर पर अनिश्चितकालीन धरना- प्रदर्शन करने की घोषणा की। नये अध्यक्ष गिरजा देवी ने नगर- प्रखण्ड के सभी रसोईया समेत आम – आवाम से हड़ताल में भाग लेकर सफल बनाने की अपील की।