#MNN24X7 रिपोर्ट: नीरज कुमार राय, दरभंगा: भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर दरभंगा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्राह्मण चेतना मंच, दरभंगा के तत्वावधान में आयोजित ‘एकत्रीकरण सह शोभा यात्रा’ ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
शोभा यात्रा का शुभारंभ सुबह 11:00 बजे कर्पूरी चौक स्थित मेडिकल ग्राउंड से हुआ। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल हुए और ‘जय परशुराम’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। यात्रा में शामिल लोगों के चेहरे पर आस्था और उत्साह साफ झलक रहा था। ‘चलो! भगवान परशुराम की विशाल शोभायात्रा में’ के आह्वान पर ब्राह्मण समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए।
यह भव्य यात्रा शहर के विभिन्न वीआईपी मार्गों से गुजरते हुए लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। पूरे रास्ते पुष्प वर्षा और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
आयोजन को सफल बनाने में ब्राह्मण चेतना मंच के पदाधिकारियों पप्पू चौधरी, मासूम फाउंडेशन के मनु चौधरी, दीपक झा, प्रियंका झा सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने भगवान परशुराम के आदर्शों—न्याय, वीरता और ज्ञान—पर चलने का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि परशुराम जयंती केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि शास्त्र और शस्त्र के संतुलन का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एकता का संदेश जाता है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व गौरवशाली इतिहास से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
