Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एयरटेल कंपनी के एक कर्मी को गोली मार दी। घटना जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के निमैठी चौक की है, जहां गुरुवार रात मोटरसाइकिल से काम खत्म कर घर लौट रहे एयरटेल कर्मी संजीव कुमार सिंह पर पहले से घात लगाए एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने फायरिंग कर दी। दो गोली लगी एक उनके मुंह के जबड़े के पास लगी, वही दूसरा कंधे में जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं। आसपास के पांच थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी ने बताया कि वारदात को एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने अंजाम दिया है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।।