#MNN24X7 #viralpost2026 दरभंगा, प्रतिनिधि:
लहेरियासराय थाना क्षेत्र के भिगो मोहल्ले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर शव फेंक दिए जाने से शनिवार को इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान एपीएम थाना क्षेत्र के सिरनिया गांव निवासी मो. रहमत अली के 24 वर्षीय पुत्र मो. अरमान के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
परिजनों ने बताया कि अरमान का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शुक्रवार की शाम वह अपनी प्रेमिका के साथ एक होटल गया था। होटल से निकलने के बाद कुछ युवकों ने उसका पीछा किया। नाका छह के पास आरोपितों ने उसे पकड़कर मारपीट की। इस दौरान अरमान ने अपने घरवालों से ऑनलाइन दो हजार रुपये भी मंगवाए थे। इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।
रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने एपीएम थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शनिवार को पुलिस ने युवक की हत्या की सूचना दी, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही एफएसएल टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
