Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा,20 अप्रैल, जिले के कमतौल स्थित राम विनय शाही एजुकेशनल ट्रस्ट प्लस टू जे.एम. उच्च विद्यालय में साइंस ओलंपियाड परीक्षा 2026 के पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी कौशल कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हार को हार नहीं, बल्कि सफलता की नींव समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति असफलता का सामना नहीं करता, तब तक सफलता का वास्तविक महत्व समझ में नहीं आता।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से मेहनत, लगन एवं अनुशासन के साथ लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य पर एकाग्रचित होकर निरंतर प्रयास करें,तो सफलता निश्चित है।

जिलाधिकारी ने समय के सदुपयोग पर विशेष बल देते हुए छात्रों को प्रत्येक क्षण का महत्व समझने और निरंतर प्रगति की दिशा में कार्य करने की सलाह दी।

पुरस्कार से वंचित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निराश होने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि और अधिक मेहनत एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। सफलता सतत प्रयास और आत्मविश्वास से प्राप्त होती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के अनावश्यक उपयोग से बचने की सलाह दी तथा अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा एवं कैरियर निर्माण में आर्थिक एवं नैतिक सहयोग दें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभिभावक अपनी इच्छाएं बच्चों पर थोपने के बजाय उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुसार मार्गदर्शन करें।

विद्यालय परिसर की प्रशंसा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यहां आकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में यह विद्यालय काफी विकसित एवं अनुकरणीय संस्थान के रूप में उभरकर सामने आया है।

इस अवसर पर पूर्व ऊर्जा सचिव,भारत सरकार आर.बी.शाही ने कहा कि जब तक संस्था के सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त नहीं करते,तब तक विद्यालय को पूर्ण विकसित नहीं माना जा सकता।

उन्होंने कहा कि यहां के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है तथा आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत गान के श्री गणेश हुआ।

समारोह में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र को छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार स्वरूप चेक प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा जल जीवन हरियाली का प्रतीक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर पूर्व ऊर्जा सचिव भारत सरकार श्री आर.बी. शाही, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री मनोज कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अन्य संबंधित पदाधिकारी,शिक्षकगणक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।