Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, 20 अप्रैल, जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार के निर्देशानुसार प्रेक्षागृह, दरभंगा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन एवं उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आज लहेरियासराय में बैंकों द्वारा विशेष लोन कैंप का आयोजन किया गया*।

इस कैंप का उद्देश्य इच्छुक उपभोक्ताओं को सोलर रूफटॉप स्थापना हेतु पारदर्शी, निष्पक्ष,सहज एवं त्वरित ऋण सुविधा उपलब्ध कराना।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया। मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा अधिकाधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए यह कैंप आयोजित किया गया है।

कैंप में कुल 28 उपभोक्ताओं द्वारा ऋण प्राप्ति हेतु आवेदन जमा किया गया,जिनकी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र स्थापना पर आकर्षक सब्सिडी प्रदान की जा रही है। योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता पर 30,000, 2 किलोवाट क्षमता पर 60,000 तथा 3 किलोवाट क्षमता पर 78,000 रूपये तक की सरकारी अनुदान/ सब्सिडी दी जा रही है।

अभी तक जिले में 390 उपभोक्ताओं के घरों में इस योजना के तहत सोलर प्लेट संस्थापित किये गए हैं।

सोलर प्लेट लगाये और अपने घरों को बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनाएं।

जिला प्रशासन की अपील है कि इच्छुक घरेलू उपभोक्ता आगे आए और इस योजना लाभ उठाएं।

अधिकारियों ने बताया कि इच्छुक उपभोक्ता प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा योजना का लाभ उठा सकते हैं। यह योजना न केवल उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी लाएगी,बल्कि स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा देगी।

इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता विद्युत अजय कुमार, वरीय उप समाहर्ता सुश्री प्रियंका कुमारी, एलडीएम विकास कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल दरभंगा (शहरी) विकास कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता दरभंगा (ग्रामीण) केशव कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता बेनीपुर अमोद कुमार सहित सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता, दरभंगा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के पदाधिकारी तथा सभी संबंधित वेंडर उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ अधिकाधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।