Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा एनएच-27 पर दिल्ली मोड़ के पास स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर रविवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में कुल सात लोग सवार थे, सभी मधेपुरा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मधेपुरा जिला के शंकरपुर थाना क्षेत्र के रैभी गांव निवासी प्रमोद यादव के पुत्र गुड्डू कुमार अपनी मां का इलाज कराने परिजनों और दोस्तों के साथ आईजीआईएमएस, पटना गया था। देर रात सभी लोग स्कॉर्पियो से वापस मधेपुरा लौट रहे थे।

दिल्ली मोड़ के पास ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुड्डू के मामा, मौसा और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गुड्डू कुमार सुरक्षित है, जबकि उसकी मां का पैर टूट गया है।

अन्य दो घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को वाहन से बाहर निकाला गया और घायलों का प्रारंभिक उपचार डीएमसीएच में किया गया, जहाँ से गंभीर रूप से घायल लोगों को दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।