#MNN@24X7 प्रयागराज। कभी गुर्गों पर हुकूमत चलाने वाली और रसूखदार रही माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन आज छुपने के लिए मजबूर है।पति अतीक अहमद और देवर अशरफ अहमद की हत्या के बाद शाइस्ता पर क्या बीत रही होगी।उससे पहले छोटा बेटा असद अहमद एनकाउंटर में मारा गया और उसे दफना दिया गया था। शाइस्ता ऐसी बदनसीब मां है कि उसने आखिरी बार असद का चेहरा भी नहीं देख पाई। तो क्या अब पति को दफनाने से पहले शाइस्ता उसका चेहरा देख पाएगी,क्या शाइस्ता सरेंडर करेगी।यह बड़ा सवाल है।कहा जा रहा है कि शाइस्ता परवीन आज सरेंडर कर सकती है।

तीन शूटरों ने की थी अतीक और अशरफ की हत्या।

शनिवार रात माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई।यह हत्या उस समय हुई जब पुलिस दोनों का मेडिकल कराने के लिए अस्पताल लेकर जा रही थी।दोनों को एक ही हथकड़ी लगी थी।जब दोनों मीडिया से बात करने लगे तो इस दौरान मीडियाकर्मी बने तीन शूटरों ने बिल्कुल पास से अतीक और अशरफ पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और सेकेंड भर के अंदर दोनों को ढेर कर दिया।

इस हत्याकांड के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों के साथ हाई लेवल की मीटिंग की और सख्त निर्देश जारी किए। सीएम ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सरेंडर कर सकती है शाइस्ता परवीन।

इन सभी घटनाक्रम के बाद कहा जा रहा है कि उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रही अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन रविवार को सरेंडर कर सकती है। शाइस्ता पर पुलिस ने 50 हजार का इनाम भी रखा है। कहा जा रहा है कि बेटे असद और पति अतीक की मौत के बाद शाइस्ता अब सामने आ सकती हैं और खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर सकती हैं। पुलिस को अभी तक शाइस्ता परवीन का पता नहीं चल पाया है। प्रयागराज में पुलिस के सूत्रों ने शाइस्ता के सरेंडर को लेकर दावा किया है।