यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है।बेरि पंचायत के कुमारी गांव के कब्रिस्तान से कुछ असमाजिक तत्वों ने बीते शनिवार की रात कब्र से शव को निकाल कर कब्रिस्तान से 200 फीट की दूरी पर पानी से भरे गढ़्ढ़े में फेंक दिया। सुबह जब परिवार के लोग धार्मिक रिवाज निभाने कब्रिस्तान पहुंचे तो शव को गायब देख आश्चर्चकित रह गए।

जानकारी के अनुसार गांव के मोहम्मद जाकिर की पुत्री सगीरा खातुन (18 वर्ष) की मौत 28 जनवरी को हो गई थी। उसे गांव के कब्रिस्तान में धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार दफना दिया गया। सुबह में कब्रिस्तान में शव को नहीं देख परिजनों सहित गांव के लोग शव की तलाश में जुट गए। कुछ दूरी पर पानी से भरे गढ़्ढ़े में शव मिला। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों से घटना की जानकारी ली। सभी समुदाय के लोगों से विचार विमर्श के बाद शव को पुनः दफना दिया गया। कब्र से शव को निकालने की घटना को देखकर नहीं लगता है कि यह किसी जानवर की करतूत है। बड़ी सावधानी से शव को कब्र से निकाल कर गढ़्ढ़े में फेंक दिया गया था। इस काम में कई लोगों के शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।