दरभंगा, 02 फरवरी 2022 :- बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग द्वारा दहेज प्रथा एवं बाल विवाह उन्मूलन हेतु पुनः राज्यव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
     इस अभियान के लिए प्राप्त निर्देश के आलोक में जिलाधिकारी दरभंगा राजीव रौशन द्वारा इसके लिए जिला से पंचायत स्तर तक अलग-अलग समिति का गठन किया गया है, जो अपने कार्य क्षेत्र में होने वाले विवाहों में दहेज के लेन देन अथवा बाल विवाह की जानकारी प्राप्त करने हेतु सूचना तंत्र विकसित करेगी।
जिला स्तर में गठित समिति में उप विकास आयुक्त को अध्यक्ष, जिला कल्याण पदाधिकारी को संयोजक सदस्य तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक महिला विकास निगम एवं परियोजना प्रबंधक महिला हेल्पलाइन को शामिल किया गया है।
        अनुमंडल स्तर पर गठित समिति में अनुमंडल पदाधिकारी को अध्यक्ष तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,अनुमंडल स्तर पर संचालित इंटर स्तरीय विद्यालय के प्राचार्य एवं अनुमंडल के बुद्धिजीवी/समाजसेवी को शामिल किया गया है।
       प्रखंड स्तरीय समिति में प्रखंड विकास पदाधिकारी को अध्यक्ष, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को सचिव तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संबंधित थानों के थाना अध्यक्ष एवं प्रखंड के बुद्धिजीवी/ समाजसेवी को शामिल किया गया है।
       वहीं पंचायत स्तरीय समिति में मुखिया को अध्यक्ष पंचायत समिति को सचिव तथा विकास मित्र,संबंधित थानों के उप पुलिस एवं संबंधित पंचायत के बुद्धिजीवी/ समाजसेवी को शामिल किया गया है।