#MNN24X7 दरभंगा, दो फरवरी को आकाशवाणी दरभंगा ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे कर लिये। इस अवसर पर केन्द्र परिसर में भव्य स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें केन्द्र के सभी अधिकारी-कर्मचारी, उद्घोषक-कम्पीयर तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन एवं कार्यक्रम प्रमुख असअद दाऊद के स्वागत भाषण से हुआ। प्रतिभा प्रीति और दीपक कुमार झा ने मधुर स्वागत गान प्रस्तुत कर माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया।

मुख्य अतिथि बीएसएनएल के वरिष्ठ महाप्रबंधक विनोद कुमार गुप्ता ने आकाशवाणी दरभंगा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि दूरसंचार और रेडियो के बीच सदैव अटूट संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी दरभंगा ने श्रोताओं के बीच अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।

इस अवसर पर दरभंगा जिले के कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार ने कला-संस्कृति के क्षेत्र में आकाशवाणी दरभंगा द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की। केन्द्र के पूर्व कार्यक्रम अधिशासी सुरेन्द्र झा ने कहा कि यह केन्द्र आरंभ से ही मिथिला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित और प्रचारित करने में अहम भूमिका निभाता आया है।
कार्यक्रम में डॉ. अमलेन्दु शेखर पाठक, डॉ. विद्यानाथ झा, शिशिर कुमार कर्ण, अभिषेक कुमार सिन्हा, प्रभात कुमार, महेन्द्र नारायण चौधरी, मणिकांत झा, श्याम भास्कर, पी.सी. यादव, अमिताभ कुमार सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार रखे।
आयोजन को सफल बनाने में मितेश कुमार मिश्रा, अनजारुल हक, सरवर इमाम, पुष्पेश क्रांति, गगन कुमार, ब्रज भूषण, के.के. झा, भालू राम सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिशासी बिनीत कुमार ठाकुर ने किया। मंच संचालन राकेश चन्द्र नन्दन एवं श्वेता ने संयुक्त रूप से किया।
