दरभंगा, रिपोर्ट: नीरज कुमार राय

#MNN24X7 दरभंगा में गैस सिलेंडर की कथित कमी की अफवाह फैलने से शुक्रवार को शहर और आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए पहुंचने लगे और कई जगहों पर लंबी कतारें लग गईं।

सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज लोगों ने लहेरियासराय थाना क्षेत्र के नाका नंबर-6 पर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

इधर, गैस की कमी की खबरों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि पूरे जिले में कुल 75 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और फिलहाल उनके पास लगभग 22 हजार गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। उनकी निगरानी में गैस सिलेंडर का वितरण कराया जा रहा है। डीएम के अनुसार शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक करीब 12 हजार सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है और जिले में गैस की कोई किल्लत नहीं है।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर गैस को लेकर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर साइबर सेल की कड़ी नजर रखी जा रही है। लहेरियासराय में भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में नीरज कुमार चौधरी नामक युवक के खिलाफ लहेरियासराय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और शांति बनाए रखें।