#MNN24X7 समस्तीपुर, प्रतिनिधि। रविवार को समस्तीपुर प्रखंड के बांदे स्थित बीबी फातिमा टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज परिसर में दावते इफ्तार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी सह कॉलेज के प्रबंधक मो. तैयब द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रखंड के रोजेदारों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध लोग उपस्थित हुए।
दावते इफ्तार में सैकड़ों रोजेदारों ने रोजा खोलकर अपने तथा मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। इफ्तार के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद देते हुए आपसी सद्भाव और एकता का संदेश दिया।
मौके पर विधायक सह बिहार विधानसभा के पूर्व मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि रमजान रहमत और बरकत का महीना है। यह पाक महीना हमें इंसानियत, संयम और सच्चाई के रास्ते पर चलने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि रमजान के इस पवित्र माह में हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम बुराइयों से दूर रहकर अच्छाइयों को अपनाएं और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी को ठेस पहुंचे।
उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और सहिष्णुता की भावना को मजबूत करना हम सबकी जिम्मेदारी है। हमें एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनकर देश और समाज में एकता और भाईचारे का संदेश घर-घर तक पहुंचाना चाहिए। इसी में समाज और देश का व्यापक हित निहित है।
कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने मिलकर देश की तरक्की, शांति और सामाजिक सद्भाव के लिए दुआ की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग एवं रोजेदार मौजूद रहे।
