#MNN24X7 दरभंगा। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार लहेरियासराय स्थित लोहिया चौक पर मंगलवार को यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से डीएसपी द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिहार पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड के जवान मौके पर तैनात नजर आए।

डीएसपी ने मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ते वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना आवश्यक है। जो भी वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाएं, उनके खिलाफ तुरंत चालान काटकर कानूनी कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने लोहिया चौक के आसपास सड़क पर लगने वाले जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक संचालन की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आम लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित रूप से निगरानी रखी जाएगी और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में भी सतर्कता देखने को मिली और कई लोग यातायात नियमों का पालन करते नजर आए।

दरभंगा, रिपोर्ट : नीरज कुमार राय