#MNN24X7 दरभंगा, नीरज कुमार राय की रिपोर्ट :शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात डीएसपी प्रकाश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी संबंधित पदाधिकारी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी (SHO) मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा निर्धारित जुर्माने (फाइन) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी विशेष जोर दिया गया। डीएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में कमी लाई जा सके।
बैठक में प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को इस योजना के तहत अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। सभी पदाधिकारियों को इस योजना के प्रावधानों से अवगत कराते हुए निर्देश दिया गया कि जरूरतमंद लोगों को समय पर इसका लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
अंत में बैठक में मौजूद अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
