#MNN24X7 दरभंगा, 17 मार्च, जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के अनुपालन तथा जन-जागरूकता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने सड़क सुरक्षा मानकों के प्रतिकूल वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया*।
विशेष रूप से बिना हेलमेट,बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों में नियमित एवं सघन जांच अभियान चलाने पर बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध शमन की कार्रवाई प्रभावी रूप से की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि विशेष वाहन जांच अभियान के तहत शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर जांच अभियान चलाया जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
दरभंगा शहरी क्षेत्र में परिचालित वाहनों की पहचान को सुव्यवस्थित करने हेतु कलर कोडिंग प्रणाली लागू करने के संबंध में भी बैठक में चर्चा की गई।
सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में जागरूकता फैलाने हेतु विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
