#MNN24X7 दरभंगा, संवाददाता: आकाशवाणी दरभंगा द्वारा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू) के हिंदी विभाग में त्वरित भाषण (एक्सटेम्पोर) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह आयोजन आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में चल रही प्रतियोगिताओं की शृंखला का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और उन्हें आकाशवाणी से जोड़ना है।
कार्यक्रम प्रमुख असअद दाऊद ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों में अभिव्यक्ति कौशल, तार्किक सोच एवं आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ-साथ आकाशवाणी के युवा कार्यक्रमों में सह-आयोजक (को-होस्ट) के रूप में शामिल होने का अवसर भी दिया जाएगा।
कार्यक्रम अधिशासी बिनीत कुमार ठाकुर ने कहा कि “आकाशवाणी @90” कार्यक्रम के तहत देशभर में युवाओं को रेडियो से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आकाशवाणी पर युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीण संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम जैसे युववाणी, नारी संसार, नमस्कार मिथिला एवं गामघर नियमित रूप से प्रसारित किए जाते हैं।
हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. उमेश कुमार ने छात्रों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ये मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। वहीं, संस्कृत विभाग के सह-प्राचार्य एवं एनएसएस पदाधिकारी डॉ. आर. एन. चौरसिया ने छात्रों को मेहनत और लगन के महत्व पर बल देते हुए सफलता के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
आकाशवाणी की ओर से श्री मितेश कुमार मिश्रा ने कहा कि रेडियो के माध्यम से लोकसंस्कृति, विशेषकर मैथिली लोकगीतों के जरिए आकाशवाणी दरभंगा की पहचान निरंतर मजबूत हो रही है।
प्रतियोगिता में शोधार्थी ज्योति कुमारी ने प्रथम, दर्शन सुधाकर ने द्वितीय, नेहा कुमारी ने तृतीय तथा हितांशी कुमारी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रो. विजय कुमार, डॉ. सुरेन्द्र प्रसाद सुमन, डॉ. महेश प्रसाद सिन्हा, डॉ. मंजरी खरे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।
