#MNN24X7 किशनगंज। बिहार के किशनगंज में एक ऐसा अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। मोतीबाग निवासी अमर चौहान को ट्रेन हादसे में मृत समझकर परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया, लेकिन कुछ ही समय बाद वह बंगाल के पंजीपारा से नशे की हालत में जीवित लौटा।
जानकारी के अनुसार, खगड़ा तीन नंबर रेलवे फाटक के पास शुक्रवार को एक युवक ट्रेन से कट गया था। मौके पर आरपीएफ और पुलिस पहुंची और युवक की पहचान अमर चौहान के रूप में की गई। परिजन शव को लेकर सदर अस्पताल गए और पोस्टमार्टम करवाया। उसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
लेकिन जैसे ही अमर चौहान का पता बंगाल के पंजीपारा में चला, परिजन तुरंत वहां पहुंचे और युवक को जीवित देखकर आश्चर्यचकित रह गए। उसे लेकर किशनगंज वापस लाया गया।
अब सवाल यह उठता है कि जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया, वह कौन था। इस संदर्भ में पुलिस ने सदर थाना में एक और अज्ञात मृतक (यूडी) केस दर्ज किया है और शव की शिनाख्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि परिजनों की पहचान के बाद ही शव सौंपा जाता है और पूरे मामले की जांच जारी है।
यह घटना न केवल परिजनों के लिए बल्कि प्रशासन के लिए भी चुनौती बन गई है, और इसे लेकर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सौजन्य से