Breaking News

#MNN24X7 दरभंगा, संवाददाता: दरभंगा के हराही स्थित बहुद्देशीय भवन में आयोजित ‘अष्टदल’ महोत्सव के चौथे दिन रविवार को चित्रपट कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कला संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार एवं मैथिली वेब सीरीज ‘नून-रोटी’ के निर्देशक विकास झा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में वेद प्रकाश, प्रकाश बंधु, श्याम भास्कर एवं गुंजन श्री की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के सम्मान के साथ हुई। इसके पश्चात चित्रपट का प्रदर्शन आरंभ हुआ, जिसमें ‘थपकी’, ‘माछ’, ‘ड्रीम्स अंडर सेज’, ‘अपन मिथिला’ एवं ‘इकिगाई’ जैसी लघु फिल्मों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों को दर्शकों ने काफी सराहा और कलाकारों की रचनात्मकता की प्रशंसा की।

महोत्सव के संयोजक एवं दि स्पॉटलाईट थिएटर के संचालक सागर सिंह ने बताया कि विश्व रंगमंच दिवस से हिंदी रंगमंच दिवस तक चलने वाले इस आठ दिवसीय महोत्सव का यह चौथा दिन था। उन्होंने जानकारी दी कि सोमवार को अपराह्न 6:00 बजे से नृत्य प्रस्तुति का आयोजन निर्धारित है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस महोत्सव में देशभर के ख्यातिप्राप्त एवं विभिन्न विधाओं के प्रतिष्ठित कलाकार दरभंगा की धरती पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम के सफल संचालन में अमन सिंह, शिवम् शांडिल्य, सत्यम् शब्दवर्धन, नेहा कुमारी, हर्षित कुमार, आर्यन, विशाल, किसुन, संध्या एवं नीलेश सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर शहर के गणमान्य लोग, मीडियाकर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक उपस्थित रहे।