Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 अंतर्गत शांति विहार एवं सरोजिनी गली में निर्माणाधीन नाला एवं सड़क पिछले 4-5 महीनों से अधूरा पड़ा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण अस्पताल, जांच केंद्र तथा घरों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। वहीं वाहनों की आवाजाही लगभग बाधित हो गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण कार्य के चलते अब तक दर्जनों लोग हादसे का शिकार हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों के हाथ-पैर तक टूट गए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि मेयर, मेयर पति तथा नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं कराया गया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या जनहित में इस निर्माण कार्य को अविलंब पूरा करवाया जाएगा?

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द अधूरे नाला और सड़क निर्माण कार्य को पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।