Breaking News

#MNN24X7 समस्तीपुर/पूसा। ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ० राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा तथा भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त पूर्वानुमान के अनुसार 03 से 07 अप्रैल, 2026 के बीच उत्तर बिहार के जिलों में मौसम का मिजाज सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि 7 अप्रैल के आसपास मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

पूर्वानुमान के मुताबिक, इस अवधि में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। 7 अप्रैल को अधिकांश क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की अथवा छिटपुट वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस अवधि में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पछिया हवा औसतन 8 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। विशेष रूप से 7 अप्रैल को वर्षा के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं।

सापेक्ष आर्द्रता सुबह के समय 50 से 60 प्रतिशत तथा दोपहर में 20 से 30 प्रतिशत रहने की संभावना व्यक्त की गई है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मौसम के इस पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करने और संभावित वर्षा व तेज हवा से फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारी करने की सलाह दी है।