#MNN24X7 दरभंगा, 2 अप्रैल भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [सीपीआई(एम)] के राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने एक प्रेस बयान जारी कर नालंदा में एक महिला के साथ हुई शर्मनाक यौन हिंसा की घटना की कड़ी निंदा की है।
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बन गई है। कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और अपराधों में निरंतर वृद्धि देखी जा रही है। नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ बदसलूकी, उसके कपड़े फाड़ने तथा उसे अपमानित कर परेड कराने जैसी अमानवीय घटना सामने आई है, जो अत्यंत निंदनीय और विचलित करने वाली है।
श्याम भारती ने कहा कि इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस हरकत में आई और कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, लेकिन अब भी कई नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता न केवल स्थानीय अपराधियों के भय में जी रही है, बल्कि पुलिस के रवैये से भी डरी-सहमी हुई है। गांव के अन्य महिला-पुरुष भी इतने आतंकित हैं कि खुलकर सामने आने से बच रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि वर्तमान शासन में अपराधियों और स्थानीय दबंगों का मनोबल किस हद तक बढ़ गया है। अपराधी न केवल ऐसे जघन्य कृत्य कर रहे हैं, बल्कि निर्भीक होकर उसका वीडियो बनाकर प्रसारित भी कर रहे हैं।
उन्होंने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर जहां राज्य में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है, वहीं दूसरी ओर सत्ता के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान चल रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
सीपीआई(एम) नेता ने राज्य सरकार से मांग की है कि:
सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए,
पीड़िता और उसके परिवार को पर्याप्त मुआवजा एवं सुरक्षा प्रदान की जाए,कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं,महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
अंत में उन्होंने प्रशासन से अपील की कि वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाए और दोषियों के विरुद्ध कड़ी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि समाज में न्याय और विश्वास बहाल हो सके।
