#MNN24X7 समस्तीपुर/ताजपुर। ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक रेलकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बसही भिंडी निवासी लोको पायलट प्रमोद सहनी (45) के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना हरपुर भिंडी स्थित दर्जिनिया पेट्रोल पंप के पास की है, जहां अपराधियों ने प्रमोद सहनी को निशाना बनाते हुए गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इधर, भाकपा माले के ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने इस हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
साथ ही उन्होंने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की है। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर आक्रोश जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
