Breaking News

#MNN24X7 रिपोर्ट: नीरज कुमार राय, दरभंगा दरभंगा। नगर थाना क्षेत्र के बड़ा बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े हुई एक बड़ी लूट की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने सराफा व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर की दुकान में घुसकर करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात और नगदी लूट ली।

पीड़ित व्यवसायी मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि घटना के समय दुकान में लगभग 25 लाख रुपये नगद भी मौजूद थे, जिसे अपराधी अपने साथ ले गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके और उनके पुत्र के साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और व्यापारियों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा हरकत में आ गया। मौके पर डीआईजी मनोज तिवारी और एसएसपी जगुनाथ रेड्डी सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई।

पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।