#MNN24X7 दरभंगा, संवाददाता:
दरभंगा शहर के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वैलर्स में 3 अप्रैल 2026 को दिनदहाड़े हुई करोड़ों रुपए की आभूषण लूट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। घटना के दो दिन बाद, रविवार 5 अप्रैल को जनसुराज का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित व्यवसायी से मिलने पहुंचा और मामले की जानकारी लेते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 अप्रैल की दोपहर अज्ञात अपराधियों ने प्रेम ज्वैलर्स में घुसकर हथियार के बल पर करोड़ों रुपए के आभूषण लूट लिए थे। अपराधियों ने दुकान में मौजूद लोगों को बंदूक दिखाकर भयभीत कर दिया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस घटना के बाद व्यापारियों में भय का माहौल व्याप्त है।
रविवार को जनसुराज के प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पार्टी नेता सुदर्शन झा, जिला अध्यक्ष निर्मल मिश्रा, बिल्टू साहनी, प्रत्युष पूर्वे, साकेत सुमन सहित अन्य सदस्य शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित व्यवसायी से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर सुदर्शन झा ने कहा कि दिनदहाड़े इस प्रकार की घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जल्द से जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
जिला अध्यक्ष निर्मल मिश्रा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो इसका असर स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा।
प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शहरवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा होगा।
