#MNN24X7 दरभंगा, रिपोर्ट नीरज कुमार राय:
बिहार पुलिस लाइन एसोसिएशन के दिशा-निर्देश पर दरभंगा पुलिस लाइन एसोसिएशन का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। नाका-7 स्थित परिसर में आयोजित इस चुनाव में विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
जानकारी के अनुसार, मतदान प्रक्रिया शाम करीब 5 बजे तक चली, जिसके बाद रात 9 बजे से मतगणना शुरू हुई। देर रात तक चली मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसने कई लोगों को चौंका दिया। चुनाव में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और सचिव पद के लिए मुकाबला हुआ, जिसमें मुख्य रूप से दो गुट आमने-सामने थे।
घोषित परिणाम के अनुसार नंदलाल यादव अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। वहीं उपाध्यक्ष पद पर राजकुमार ने जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष के रूप में साजिद हुसैन, संयुक्त सचिव पद पर जितेंद्र कुमार तथा सचिव पद पर अनिल कुमार निर्वाचित हुए।
चुनाव परिणाम के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इस दौरान नव-निर्वाचित टीम ने संगठन को मजबूत करने और पुलिसकर्मियों के हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
पूरे चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन एवं चुनाव पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
